BY : Pranjal Yadav

जिले के दो होनहार बालक मास्टर राकेश मिंज और आर्यन खेस ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए 5 वर्षीय बालक दादू मिंज की जान बचाकर पूरे जिले का गौरव बढ़ाया है। कलेक्टर के निर्देश पर दोनों बच्चों के नाम राज्य वीरता पुरस्कार के लिए प्रस्तावित किए गए थे, जिसे शासन से स्वीकृति मिल गई है।
जानकारी के अनुसार दोनों वीर बालकों को 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के मौके पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार के तहत दोनों बच्चों को 25 हजार रुपए नकद, प्रशस्ति पत्र और विशेष मेडल प्रदान किया जाएगा।
कलेक्टर ने दोनों बच्चों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि उनके इस साहसिक कार्य से जिले का मान बढ़ा है। यह घटना 24 सितंबर 2025 की है। उस दिन 5 वर्षीय दादू मिंज तालाब में डूब रहा था। राकेश मिंज और आर्यन खेस ने बिना घबराए तुरंत मौके पर पहुंचकर बच्चे को पानी से बाहर निकाला।

बालक के पेट में पानी भर जाने से उसकी हालत गंभीर थी। दोनों बालकों ने समझदारी दिखाते हुए पेट दबाकर पानी निकाला और उसकी जान बचाई। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने कहा कि राकेश और आर्यन का साहस उनके परिवार के साथ-साथ पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है।

उन्होंने इसे साहस, मानवता और जिम्मेदारी का बेहतरीन उदाहरण बताया। जिला प्रशासन ने दोनों बालकों के सम्मान की पूरी तैयारी कर ली है। पुरस्कार वितरण समारोह में जिले के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहेंगे।
💐💐ऐसी खबर के लिए जुड़े रहें छत्तीसगढ़ टाइम के साथ💐💐
🙏🙏🙏🙏🙏🙏
