भिलाई स्टील हाफ मैराथन का भव्य आयोजन; निदेशक प्रभारी  चित्त रंजन महापात्र ने मेगा फिटनेस इवेंट को दिखाई हरी झंडी….

Share Now

BY : Pranjal Yadav

Advertisement

भिलाई नगर 08 फरवरी 2026:- भिलाई इस्पात संयंत्र द्वारा नागरिकों में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने तथा फिटनेस को जीवनशैली के रूप में अपनाने के उद्देश्य से 08 फरवरी 2026 को शहीद वीर नारायण सिंह जयंती स्टेडियम, भिलाई में “भिलाई स्टील – हाफ मैराथन” का भव्य आयोजन उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। इस मेगा स्पोर्ट्स आयोजन में 21.09 किमी हाफ मैराथन, 10 किमी तथा 5 किमी दौड़ की तीन श्रेणियां शामिल थीं। आधिकारिक इवेंट पोर्टल के माध्यम से पंजीकृत लगभग 3,000 धावकों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया।

भिलाई सहित देश एवं विदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभागियों की उल्लेखनीय उपस्थिति ने ‘फिट इंडिया’ आंदोलन के संदेश को सशक्त रूप से प्रतिबिंबित किया।

Advertisement

इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा)  प्रवीण निगम, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन)  पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (माइंस)  कमल भास्कर, कार्यपालक निदेशक (रावघाट)  अरुण कुमार, सहित संयंत्र के सीजीएम, जीएम एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। साथ ही अध्यक्ष (सेफी एवं ओए-बीएसपी)  एन.के. बंछोर, महाप्रबंधक प्रभारी (कार्मिक)  जे.एन. ठाकुर, उप महाप्रबंधक (एससी एंड सीए)  राजेन्द्र प्रसाद, क्रीडा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएं विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा भिलाई के बड़ी संख्या में नागरिक भी समारोह में उपस्थित रहे।

मैराथन के अंतर्गत विभिन्न श्रेणियों में कुल 8,00,000 रुपये (आठ लाख रुपये) की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। प्रत्येक श्रेणी एवं आयु वर्ग के शीर्ष 10 विजेताओं को समापन समारोह में नगद पुरस्कार, स्मृति-चिह्न, पदक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

21.9 किमी (पुरुष, 18–45 वर्ष) वर्ग में आरिफ अली ने 01:05:05 समय के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि राजन यादव (01:05:18) द्वितीय तथा रवि गुलिया (01:05:39) तृतीय रहे। 21.9 किमी (पुरुष, 45 वर्ष से अधिक) वर्ग में भास्कर कांबले (01:16:59) प्रथम, जयपाल भोयर (01:17:10) द्वितीय तथा अश्विनी आचार्य (01:19:05) तृतीय स्थान पर रहे।

10 किमी (पुरुष, 18–45 वर्ष) वर्ग में जीतू गुर्जर (00:31:00) प्रथम, लिखेंद्र कुमार (00:31:34) द्वितीय एवं सुरेश कश्यप (00:31:52) तृतीय रहे। 45 वर्ष से अधिक पुरुष वर्ग में सुभाष चिमनकर (00:39:24) प्रथम, राजेश यादव (00:43:24) द्वितीय तथा राम दयाल ध्रुव (00:46:12) तृतीय रहे। 10 किमी (महिला, 18–45 वर्ष) वर्ग में मिताली भोयर (00:36:44) प्रथम, पूजा यादव (00:37:27) द्वितीय एवं भगवती यादव (00:39:37) तृतीय रहीं। 45 वर्ष से अधिक महिला वर्ग में सुनीता सूर्यवंशी (01:06:14), ज्योति वारके (01:40:24) एवं डॉ. हिमानी गुप्ता (01:43:48) क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहीं।

Advertisement

5 किमी (पुरुष, 18–45 वर्ष) वर्ग में गौरव कुमार (00:15:31) प्रथम, आयुष शर्मा (00:15:48) द्वितीय एवं लोमश ध्रुव (00:15:59) तृतीय रहे। 45 वर्ष से अधिक पुरुष वर्ग में राकेश रत्नाकर (00:20:12) प्रथम, लेखराम आडिल (00:23:00) द्वितीय एवं चेन्नय्या (00:23:27) तृतीय रहे।

कार्यक्रम का संचालन क्रीडा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएं विभाग के  सुप्रियो सेन तथा सेल–बोकारो इस्पात संयंत्र के  किशन चंद ने किया। क्रीडा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएं विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग, संपर्क, प्रशासन एवं जनसंपर्क विभाग, नगर सेवाएँ विभाग तथा मानव संसाधन – ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग, वॉलंटियर्स, सीआईएसएफ जवानों, जिला पुलिस एवं ट्रैफिक नियंत्रण विभाग के सदस्यों के महत्वपूर्ण सहयोग से भिलाई स्टील हाफ मैराथन का सफल आयोजन सुनिश्चित हुआ।

Advertisement

Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *