

दुर्ग जिले में बढ़ते अपराधों के बीच छावनी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बाजार से घर लौट रहे 18 वर्षीय युवक पर अज्ञात बदमाशों ने लूट के प्रयास के दौरान चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है।
दुर्ग। दुर्ग जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। जिले में चाकूबाजी और लूटपाट की घटनाओं का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। ताजा घटना छावनी थाना क्षेत्र की है, जहां शुक्रवार देर शाम 18 वर्षीय रितिक चौधरी पर अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रितिक बाजार से घरेलू सामान खरीदकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाए कुछ युवकों ने उसे घेर लिया। बदमाशों ने उससे पैसे छीनने का प्रयास किया, लेकिन रितिक ने साहस दिखाते हुए विरोध किया। युवक के विरोध से नाराज हमलावरों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए।

