
भिलाई पावर हाउस स्थित श्री श्री श्री माता कांची कामाक्षी मंदिर में पंचमी के दिन श्री नीलकंठेश्वर चैतन्य सेवा समिति के तत्वावधान में भव्य प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन भक्ति, सेवा और समर्पण का अद्भुत संगम रहा।

इस वर्ष कार्यक्रम की सबसे खास बात रही महिला टीम की सक्रिय और सराहनीय भागीदारी। महिलाओं ने पूरे आयोजन की जिम्मेदारी संभालते हुए बेहद सुव्यवस्थित तरीके से हजारों श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।
समिति के अनुसार, लगभग 2500 से 3000 श्रद्धालुओं ने इस पावन प्रसाद का लाभ लिया। लगातार चौथे वर्ष आयोजित इस सेवा कार्य ने समाज में सेवा और एकता का मजबूत संदेश दिया।
इस बार आयोजन का विस्तार करते हुए मंदिर परिसर के साथ-साथ सेक्टर-05 चौक में भी प्रसाद वितरण किया गया, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक सेवा पहुंचाई जा सकी।
समिति के अध्यक्ष डी. छिन्ना राव, सह सचिव के. संतोष राव और के. यदेशन के मार्गदर्शन में महिला टीम को आगे बढ़ाया गया, जिसने इस आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

महिला टीम की सदस्य— के. रूखमानी, के. ज्योति, के. मोहनी, के. अरावती, के. अंजलि, डी. भानु, डी. पार्वती, डी. पोट्टिअम्मा, यू. यशोदा और सी. लता ने पूरे समर्पण के साथ इस सेवा कार्य को सफल बनाया।
समिति ने सभी महिलाओं के इस सराहनीय योगदान के लिए आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इसी तरह समाज सेवा जारी रखने का संकल्प लिया।