
उतई थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक पाँच साल की मासूम बच्ची के साथ अपराध की कोशिश की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे बंजारी पारा इलाके से बच्ची के गुम होने की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची और आसपास के क्षेत्र में सघन खोज अभियान शुरू किया।

तलाशी के दौरान एक खंडहर के पास झाड़ियों में बोरे के अंदर बच्ची अचेत अवस्था में मिली। बोरे के बाहर से उसका पैर दिखाई दे रहा था, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुँचाया।
डॉक्टरों के अनुसार, फिलहाल बच्ची की हालत स्थिर है और उसका इलाज जारी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्ची का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की गई। पुलिस ने इस मामले में एक संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटनास्थल पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौजूद है, और मामले की गहन जांच जारी है।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।