
भिलाई को इस जिम्मेदारी के लिए चुना जाना भी अपने आप में खास है। क्योंकि भिलाई की पहचान सिर्फ एक औद्योगिक शहर के रूप में नहीं, बल्कि देश के प्रमुख इस्पात उत्पादन केंद्रों में से एक के रूप में रही है। यहां स्थित SAIL का भिलाई इस्पात संयंत्र दशकों से देश के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता आ रहा है।

भिलाई इस्पात संयंत्र ने देश के बुनियादी ढांचे, रेलवे, निर्माण और औद्योगिक विकास में अहम भूमिका निभाई है। यही वजह है कि भिलाई को लंबे समय से स्टील सिटी के नाम से जाना जाता है।
अब CISF के स्टील सेक्टर मुख्यालय की जिम्मेदारी मिलने के बाद भिलाई की पहचान और भी व्यापक होने जा रही है। पहले जहां भिलाई अपनी इस्पात उत्पादन क्षमता के लिए जाना जाता था, वहीं अब देश के विभिन्न स्टील उद्योगों की सुरक्षा व्यवस्था के संचालन में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।