BY : Pranjal Yadav

शहर के प्रमुख सुपेला संडे मार्केट में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए भिलाई नगर निगम और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई की। पहले की कार्रवाई के बावजूद कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानें तय सीमा से आगे बढ़ा दी थीं, जिससे सड़क पर जाम और अव्यवस्था की स्थिति बनी हुई थी। इसी को देखते हुए प्रशासन ने दोबारा अभियान चलाया।
रविवार सुबह करीब 6 बजे निगम का पूरा अमला और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। किसी भी तरह के विरोध की आशंका को देखते हुए सीएसपी भिलाई नगर सत्य प्रकाश तिवारी के नेतृत्व में सुपेला और वैशाली नगर थाना पुलिस की टीमों को तैनात किया गया।

टीम ने पहुंचते ही अवैध रूप से लगाए गए ठेले, दुकानों और अस्थायी निर्माण को हटाने का काम शुरू कर दिया। तय सीमा से बाहर दुकान लगाने वाले करीब आधा दर्जन दुकानदारों का सामान जब्त किया गया। इसे बुलडोजर की मदद से वाहनों में भरकर ले जाया गया। वहीं, मार्किंग के बाहर वाहन खड़ा करने वालों को भी सख्त चेतावनी दी गई।

पुलिस बल की मौजूदगी के कारण किसी भी दुकानदार ने विरोध करने की हिम्मत नहीं की। इससे पहले 18 जनवरी को भी संयुक्त टीम ने कार्रवाई कर करीब 150 दुकानों से अवैध कब्जे हटाए थे। बावजूद कुछ लोग दोबारा अतिक्रमण कर रहे हैं। ट्रैफिक व्यवस्था और आम लोगों की सुविधा के लिए अभियान जारी रहेगा।
