ब्रिज के बाद रेल लाइन काटकर ले गए चोरः कुसमुंडा-जटगा के बीच काटी पटरी; प्लेट और हैवी मशीनरी समेत 2 करोड़ का लोहा चोरी……

Share Now

BY : Pranjal Yadav

Advertisement

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में ब्रिज का 30 टन लोहा चुराने के बाद अब चोर रेलवे पटरी का लोहा काटकर ले गए हैं। चोरों ने 2 करोड़ रुपए का रेलवे का सामान चुरा लिया है। इनमें ट्रैक, लोहे की प्लेटें और भारी मशीनरी शामिल हैं। मामला बांकी मोंगरा और कटघोरा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक कुसमुंडा से कुचेना जटगा 60-65 किलोमीटर के रेंज में करोड़ों के सामान गायब मिले। चोरी की वारदात अलग-अलग दिनों में हुई है। शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं 17 जनवरी को लोहे के ब्रिज की चोरी हुई थी।

अब सिलसिलेवार पढ़िए पूरी वारदात

दरअसल, गेवरा-पेंड्रा नई रेल लाइन प्रोजेक्ट का काम चल रहा है। करीब 2 करोड़ रुपए की रेल सामग्री चोरी हुई है। यह रेल लाइन शिवाकृति प्राइवेट कंपनी द्वारा बिछाई जा रही है। कंपनी प्रबंधन ने बांकी मोंगरा और कटघोरा थानों में शिकायत दर्ज कराई है।

कंपनी के मुताबिक चोर नई बिछाई जा रही रेल लाइनों को काटकर ले गए हैं। इससे न केवल करोड़ों रुपए का नुकसान हो रहा है, बल्कि परियोजना की समय-सीमा पर भी असर पड़ रहा है। निर्माण कार्य में लगे कर्मचारी और मजदूर लगातार हो रही इन वारदातों से डर में हैं।

Advertisement

हाइड्रा मशीन के शीशे भी तोड़े

चोरों ने निर्माण स्थल पर खड़ी एक हाइड्रा मशीन के शीशे भी तोड़ दिए, जिससे मशीनरी को नुकसान पहुंचा है। बताया जा रहा है कि चोरी की वारदातें मुख्य रूप से रात के समय होती हैं। सुनसान इलाकों और सुरक्षा व्यवस्था की कमी का फायदा उठाकर कबाड़ चोर सक्रिय हो गए हैं।

आशंका है कि इस पूरे मामले के पीछे एक संगठित गिरोह काम कर रहा है, जो कीमती रेल सामग्री को काटकर कबाड़ के रूप में बेच रहा है।

Advertisement

ASP बोले- शिकायत मिली है, जांच करेंगे

शिवाकृति प्राइवेट कंपनी ने उरगा से लेकर पेंड्रा तक रेल लाइन बिछाने का काम लिया है। इससे पहले उरगा इलाके में भी चोरी की घटना हुई थी। हाल ही में कुसमुंडा से 65 किलोमीटर दूर भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि रेल लाइन निर्माण में चोरी की शिकायत मिली है और पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है।

Advertisement

17 जनवरी को ब्रिज चोरी, 10 गिरफ्तार, 5 फरार

कोरबा में पुलिस ने 40 साल पुराने लोहे के पुल को काटकर चुराने के आरोप में 10 लोगों को गिरफ्तार किया है, लेकिन 5 आरोपी अभी भी फरार हैं। ढोढ़ीपारा इलाके में स्थित पुल से लोहे की रेलिंग चुराने में कुल 15 लोग शामिल थे।

यह घटना रामपुर सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन के CSEB पुलिस चौकी के इलाके में हुई। चोरी का पता अगली सुबह चला जब पुल का आधा हिस्सा गायब मिला। 17 जनवरी की रात को आरोपी गैस कटर, ऑक्सीजन सिलेंडर और LPG सिलेंडर लेकर आए थे।

उन्होंने पूरी रात काम किया और पुल की 80 फुट लंबी लोहे की रेलिंग को टुकड़ों में काट दिया। फिर उन्होंने लोहे के कटे हुए टुकड़ों को एक गाड़ी में लादा और ले गए। इस पुल का इस्तेमाल नगर निगम के वार्ड नंबर 17 के लोग शहर आने-जाने के लिए करते थे। पुल चोरी होने के बाद से ट्रैफिक रोक दिया गया है।

Advertisement

Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *