यूट्यूबर स्टार आकाश जाधव गांजा तस्करी का मास्टरमाइंडः सांप रेस्क्यू के वीडियो बनाता था, इसके 5.68 मिलियन फॉलोअर्स, महासमुंद में 7.86 करोड़ का गांजा पकड़ाया….

Share Now

Advertisement

छत्तीसगढ़ की महासमुंद पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की टीम ने 7 से 29 जनवरी तक 8 अलग-अलग मामलों में 7.86 करोड़ का गांजा और नशीली सिरप जब्त की है। पुलिस ने यूट्यूबर सहित 27 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ओडिशा और महाराष्ट्र के रहने वाले हैं।

जानकारी के मुताबिक, यूट्यूबर आकाश जाधव महाराष्ट्र का रहने वाला है। उसके यूट्यूब पर 5.68 मिलियन और इंस्टाग्राम पर 3 लाख 17 हजार फॉलोअर्स हैं। वह सांपों का रेस्क्यू करने का वीडियो यूट्यूब पर अपलोड करता है। महासमुंद और महाराष्ट्र पुलिस ने आकाश की फॉर्च्यूनर कार समेत डेढ़ लाख की संपत्ति भी जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, आकाश जाधव ओडिशा से महाराष्ट्र तक गांजा परिवहन नेटवर्क चलाने वाला मुख्य सरगना था। पुणे के एक मामले में वह पिछले 6 महीने से फरार चल रहा था। पिछले दिनों एम्बुलेंस के जरिए तस्करी किए जा रहे गांजे की खेप पुलिस ने पकड़ी थी, जो आकाश का ही था।

Advertisement

कोमाखान थाना क्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता

कोमाखान थाना क्षेत्र में पुलिस को अब तक की सबसे बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 950 किलो गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब 4.75 करोड़ रुपए बताई जा रही है। इस मामले में महाराष्ट्र के जालना जिले के परिवहनकर्ताओं के साथ मुख्य व्यवस्थापक प्रदीप मुसदवले को गिरफ्तार किया गया।

इसी तरह एक अन्य मामले में पुलिस ने 520 किलो गांजा (कीमत करीब 2.60 करोड़ रुपए) बरामद किया। इस मामले में पुणे के कुख्यात सोनवाने परिवार के रामदास सोनवाने, कुनाल सोनवाने और प्रतीक सोनवाने को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही ओडिशा के कालाहांडी जिले के सप्लायर रंजन दुर्गा को भी पकड़ा गया है।

Advertisement

ओडिशा से दुर्ग-रायपुर तक फैला नेटवर्क टूटा

सिंघोड़ा पुलिस ने अंतरराज्यीय सीमा पर कार्रवाई करते हुए 50 किलो गांजा (कीमत करीब 25 लाख रुपए) के साथ परिवहनकर्ता कुशल सिंह और उत्तर प्रदेश के खरीदार राघवेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया। एक अन्य कार्रवाई में पुलिस ने 26 किलो गांजा (कीमत करीब 13 लाख रुपए) जब्त कर पुणे और महासमुंद के तस्करों के साथ ओडिशा के सप्लायर और वाहन मालिक को गिरफ्तार किया।

इसके अलावा पुलिस ने नशीली सिरप के अवैध कारोबार पर कार्रवाई करते हुए 146 नशीली सिरप जब्त की। इस कार्रवाई से ओडिशा से दुर्ग और रायपुर तक फैला नेटवर्क तोड़ा गया है। दो अन्य मामलों में पुलिस ने 32 किलो से अधिक गांजा भी जब्त किया है।

Advertisement

आरंग क्षेत्र से 4.930 किलो गांजा जब्त

पुलिस ने कंधमाल (ओडिशा) के सप्लायर शिबू बिधानी को गिरफ्तार किया है और रायपुर की समता कॉलोनी निवासी हर्षित सक्सेना को फॉरवर्ड लिंक के रूप में चिन्हित किया गया है। वहीं आरंग क्षेत्र से 4.930 किलो गांजा के साथ खरीदार ओमप्रकाश रात्रे को भी गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स मोबाइल डेटा, लोकेशन ट्रैकिंग, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और डिजिटल लेन-देन जैसे तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नशे की तस्करी के पूरे नेटवर्क को तोड़ने की कार्रवाई लगातार कर रही है।

Advertisement

यूट्यूबर समेत 27 आरोपी गिरफ्तार

एसपी प्रभात कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में महाराष्ट्र के पुणे रहने वाले सुशील दाभाडे, रामदास चंदू, संजीव अहिरे, सागर बाग, कुणाल सोनवाने, प्रतीक सोनवाने और रंजन दुर्गा शामिल हैं। इनमें 35 वर्षीय यूट्यूबर आकाश जाधव भी शामिल है।

Advertisement

Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *