
छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले की रहने वाली एक महिला ने अपने ही बेटे और उसके दोस्त पर धोखाधड़ी कर जमीन-मकान बेचने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता मनोरमा भिवंडे निवासी अमर चौक शर्मा बाड़ा राजातालाब रायपुर ने बताया कि अमलेश्वर स्थित प्रीति विहार के सामने उनके नाम पर 1420 वर्गफीट की जमीन है, जिस पर उन्होंने मकान का निर्माण कराया है।

पैसों की आवश्यकता होने पर उन्होंने अपने बड़े बेटे प्रवीण भिवंडे और उसके दोस्त पारस प्रसाद केसरी को केवल लोन निकलवाने के उद्देश्य से ऋण पुस्तिका और रजिस्ट्री के कागजात दिए थे। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा था कि फोटो कॉपी कराकर दस्तावेज लौटा दिए जाएं। मामला दुर्ग जिले के अमलेश्वर थाना इलाके का है।

मकान में चल रहा था निर्माण कार्य तो मिली जानकारी
महिला का आरोप है कि उनके बेटे और उसके दोस्त ने आपसी मिलीभगत से उनकी अनुपस्थिति और बिना जानकारी के उस जमीन और मकान को विभोर गुप्ता नाम के व्यक्ति को फर्जी तरीके से बेच दिया। इस पूरे मामले की जानकारी उन्हें 16 जनवरी 2026 को मिली, जब उन्होंने देखा कि मकान में निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इसके बाद इस पूरे मामले की जानकारी हुई।
