
पाटन। सेलूद क्षेत्र के मुड़पार में सड़क पर फैली गिट्टी के कारण आए दिन बाइक सवार फिसलकर गिर रहे हैं। हाइवा वाहनों में ओवरलोड गिट्टी परिवहन के दौरान सड़क पर गिर रही है, जिससे दो लेन की सड़क अब सिंगल लेन जैसी स्थिति में पहुंच गई है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


ग्रामीणों के अनुसार, खदानों से निकलने वाले हाइवा वाहनों में क्षमता से अधिक गिट्टी लोड की जाती है। चलते समय गिट्टी सड़क पर गिरती रहती है, जिससे मार्ग पर फिसलन बढ़ गई है। हालात इतने खराब हैं कि दोपहिया वाहन चालकों को हर समय दुर्घटना का डर बना रहता है। कुछ माह पहले भी हाइवा से बड़े-बड़े पत्थर गिरने के कारण सड़क पर जाम लग गया था। उस समय ग्रामीणों ने आक्रोशित होकर सड़क जाम कर दिया था। प्रशासनिक आश्वासन के बाद जाम तो खुल गया, लेकिन व्यवस्था में कोई ठोस सुधार नहीं हुआ।
आज फिर एक बाइक सवार हाइवा को साइड देते समय सड़क पर फैली गिट्टी के कारण फिसलकर गिर गया। गनीमत रही कि उसे गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि अंचल के खदान संचालकों की लापरवाही के कारण लगातार सड़क पर गिट्टी फैल रही है।
उन्होंने प्रशासन से ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई और सड़क की नियमित सफाई की मांग की है,
