भिलाई से इस वक्त की बड़ी खबर—नगर निगम का विशेष बजट सत्र आज आयोजित किया गया है, जहां महापौर नीरज पाल अपने कार्यकाल का अंतिम बजट पेश करने जा रहे हैं।


भिलाई नगर निगम में आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बजट पेश किया जाएगा, जिसमें शहर के विकास, अधोसंरचना, स्वच्छता, सड़क, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और जनसुविधाओं से जुड़े कई बड़े प्रस्ताव शामिल होने की संभावना है।
लेकिन बजट सत्र शुरू होते ही सियासी माहौल गर्म हो गया।
बीजेपी पार्षद पीयूष मिश्रा ने आरोप लगाया है कि बजट की पूरी जानकारी सभा में साझा नहीं की गई है। उन्होंने सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ दोबारा सभा शुरू करने की मांग की है।
वहीं, नेता प्रतिपक्ष भोजराज सिन्हा भी पूरी तैयारी के साथ पहुंचे हैं। उन्होंने बीते 4 साल के कथित भ्रष्टाचार का हिसाब मांगते हुए निगम प्रशासन को घेरने की रणनीति बनाई है।बताया जा रहा है कि महापौर परिषद की बैठक में बजट प्रस्ताव को पहले ही मंजूरी मिल चुकी है, और आज इसे सामान्य सभा में पेश किया जा रहा है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि यह अंतिम बजट विकास का रोडमैप बनेगा या फिर सियासी घमासान में उलझकर रह जाएगा।