

छत्तीसगढ़ में इन दिनों गैस सिलेंडर को लेकर लोगों की परेशानी सोशल मीडिया पर खुलकर सामने आ रही है। रायपुर, भिलाई, दुर्ग और बिलासपुर जैसे बड़े शहरों से लगातार वीडियो, फोटो और पोस्ट वायरल हो रहे हैं। जिनमें गैस एजेंसियों के बाहर लंबी लाइन, खाली सिलेंडर और इंतजार करते लोग दिखाई दे रहे हैं।
फेसबुक, इंस्टाग्राम, वॉट्सएप और सोशल मीडिया साइट एक्स (द्विटर) पर लोग अपनी परेशानी के साथ-साथ मीम शेयर कर रहे हैं। अब गैस सिलेंडर को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और बीजेपी की ओर से भी सोशल मीडिया वार चल रहा है।

दरअसल, कुछ दिन पहले ही भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाला था, जिसमें उन्होंने पूछा था कि सिलेंडर मिल रहा है न? इस पोस्ट के नीचे कई लोगों के कमेंट आए थे कि उन्हें आसानी से सिलेंडर मिल रहा है।
इसके बाद बीजेपी छत्तीसगढ़ ने अपने ऑफिशियल अकाउंट से पूर्व मुख्यमंत्री के पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा कि, भ्रम फैलाने निकले थे, जनता से सच बता दिया। इसके जवाब में भूपेश बघेल ने फिर अपने पोस्ट का वीडियो शेयर कर लोगों के कमेंट दिखाए कि, उन्हें सिलेंडर नहीं मिल रहा है।