फोन पर आया रिश्ता… खाते से उड़ गए पैसे ! ‘सुशील कन्या’ के नाम पर युवक से ऑनलाइन ठगी, एक महीने बाद नंबर बंद

Share Now

धमतरी। जिले में ऑनलाइन ठगी के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। ठग अब नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। ताजा मामला शादी के नाम पर की गई ठगी का सामने आया है, जिसमें एक युवक से करीब 14 हजार रुपये ठग लिए गए। जानकारी के अनुसार, दानीटोला वार्ड निवासी रवि बघेल के मोबाइल पर एक अज्ञात महिला का कॉल आया। महिला ने खुद को एक मैट्रिमोनियल सेवा से जुड़ा बताते हुए “योग्य और सुशील कन्या” से विवाह कराने का भरोसा दिलाया। इसके बाद युवक को “यूनिक रिश्ते” नाम की वेबसाइट से जोड़ते हुए उसका आईडी और पासवर्ड भी तैयार कर दिया गया।

शुरुआत में सब कुछ भरोसेमंद लगा, लेकिन धीरे-धीरे महिला ने अलग-अलग बहानों से पैसे मांगना शुरू कर दिया। कभी प्रोफाइल एक्टिवेशन, कभी प्रोसेसिंग फीस और कभी मुलाकात तय कराने के नाम पर किश्तों में रकम ट्रांसफर करवाई गई। इस तरह युवक से करीब 14,000 रुपये ऑनलाइन माध्यम से ठग लिए गए। विश्वास बढ़ाने के लिए युवक की बातचीत एक कथित युवती से भी करवाई गई। दोनों के बीच लगभग एक महीने तक बातचीत होती रही, जिससे युवक को रिश्ता तय होने का भरोसा हो गया। लेकिन अचानक एक दिन दोनों नंबर बंद हो गए, जिसके बाद युवक को ठगी का अहसास हुआ।

पीड़ित ने मामले की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने केस दर्ज कर साइबर सेल की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल या मैट्रिमोनियल ऑफर पर तुरंत भरोसा न करें और पैसे ट्रांसफर करने से पहले पूरी जांच जरूर करें।


Share Now