
धमतरी जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक महिला जो पिछले कई दिनों से लापता थी, उसकी लाश खेत में बनी एक रहस्यमयी कब्र से बरामद हुई है। आखिर महिला की मौत कैसे हुई? उसे खेत में किसने और क्यों दफनाया? पुलिस अब इन्हीं सवालों के जवाब तलाश रही है।

मामला धमतरी जिले के बोरई थाना क्षेत्र के आमानारा गांव का है। यहां रहने वाली बिंदा बाई 30 मई से अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिला।
इसी बीच गांव के एक खेत में ग्रामीणों की नजर एक नई बनी कब्र पर पड़ी। खेत के बीच अचानक बनी इस कब्र को देखकर लोगों को शक हुआ और गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीएम और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों की मौजूदगी में कब्र को खोदा गया तो अंदर से एक महिला का शव बरामद हुआ। शव की पहचान लापता बिंदा बाई के रूप में की गई।
शव मिलने के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक आशंका है कि महिला की हत्या के बाद सबूत मिटाने की नीयत से शव को खेत में दफनाया गया।
हालांकि, फिलहाल मौत के सही कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि बिंदा बाई की मौत कैसे हुई और इस घटना के पीछे कौन लोग शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी हुई है।