

दुर्ग के वैशाली नगर थाना क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है। अर्जुन नगर में 25 वर्षीय युवक की मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

मृतक की पहचान 25 वर्षीय रूपेश वर्मा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह टूर एंड ट्रेवल्स की गाड़ी चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह पिछले कुछ समय से आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहा था।
परिजनों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह रूपेश रोज की तरह घर से टहलने निकला था। कुछ समय बाद वह वापस लौटा और अपने कमरे में चला गया। इसके बाद परिवार के लोगों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।