भिलाई से इस वक्त की सबसे बड़ी और दिल दहला देने वाली खबर सामने आ रही है। दुर्ग जिले के भिलाई स्थित रामनगर इलाके में एक युवती की धारदार चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।

Share Now

भिलाई के रामनगर इलाके में किराए के मकान में रह रही एक युवती की धारदार चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार, मृतक युवती अपनी एक सहेली के साथ किराए के कमरे में रहती थी। दोनों शहर के एक निजी कैफे में काम करती थीं।

बताया जा रहा है कि घटना आज सुबह की है। उस समय युवती की सहेली दूसरे कमरे में नहा रही थी, जबकि युवती अपने कमरे में मौजूद थी। तभी एक युवक अचानक धारदार चाकू लेकर कमरे में घुसा और युवती पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

हमले की आवाज सुनकर आसपास के लोग और उसकी सहेली मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल युवती को तुरंत लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। शुरुआती जांच में पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।

इस दिल दहला देने वाली घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।


Share Now