
राजधानी रायपुर के आरंग थाना क्षेत्र में महिला की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पारागांव के श्मशान घाट स्थित महानदी तट पर लहूलुहान हालत में महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले की जांच के बाद पुलिस ने हत्या के आरोप में महिला के प्रेमी सोनू सरदार उर्फ अवतार सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी और मृतका के बीच पिछले कई वर्षों से प्रेम संबंध था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने महिला को एक अन्य युवक के साथ देखा था, जिसके बाद चरित्र पर शक को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर मारपीट की, जिससे महिला की मौत हो गई। इसके बाद शव को महानदी तट पर छोड़कर वह फरार हो गया।

तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।