छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में एक निजी ट्रैवल्स बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस हादसे में 12 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं। सभी घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज जारी है, जबकि हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।

Share Now

जानकारी के मुताबिक, महिंद्रा ट्रैवल्स की यात्री बस रायपुर से जगदलपुर, दंतेवाड़ा होते हुए अपने अंतिम गंतव्य किरंदुल जा रही थी। मंगलवार सुबह करीब साढ़े चार बजे जब बस भांसी थाना क्षेत्र के घुरली गांव के पास पहुंची, तभी चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और बस सड़क किनारे पलट गई।

हादसे के वक्त अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। अचानक बस पलटने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई लोग बस के अंदर ही फंस गए और मदद के लिए चीख-पुकार शुरू हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही भांसी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी निर्मल वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंधेरे के बीच मोबाइल फोन की टॉर्च की रोशनी में राहत और बचाव अभियान चलाया। जवानों ने बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रारंभिक जांच में बस की तेज रफ्तार और चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसे के बाद फरार बस चालक की तलाश की जा रही है।

दंतेवाड़ा से इस सड़क हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर कर दिया है। इस खबर पर आगे भी हम आपको हर अपडेट देते रहेंगे। बने रहिए छत्तीसगढ़ टाइम्स के साथ।


Share Now