बिलासपुर में एक कारोबारी को ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कारोबारी के यहां काम करने वाले दो युवकों ने नौकरी से निकाले जाने के बाद कारोबारी की पत्नी और उसके चचेरे भाई का निजी वीडियो बनाकर उसे वायरल करने की धमकी दी और पैसों की मांग की।

Share Now

पुलिस के मुताबिक, कारोबारी ट्रांसपोर्ट का काम करता है। उसने कारोबार संभालने के लिए पीतांबर सिंह और अजय चौधरी को काम पर रखा था। बाद में हिसाब-किताब में गड़बड़ी सामने आने पर दोनों को नौकरी से निकाल दिया गया। इसके बाद दोनों युवक नाराज हो गए और कारोबारी से विवाद शुरू हो गया।

आरोप है कि काम के दौरान दोनों ने चुपके से एक निजी वीडियो रिकॉर्ड कर लिया था। नौकरी जाने के बाद इसी वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर कारोबारी से पैसे मांगे जाने लगे।

मामला बढ़ने पर पीड़ित परिवार ने मस्तूरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वीडियो के जरिए ब्लैकमेलिंग के आरोपों से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।


Share Now