
राजधानी रायपुर के झूलेलाल चौक के पास स्थित बंसल पैराडाइज होटल में एक युवती की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। उसी होटल के कमरे में एक युवक भी गंभीर हालत में मिला है, जिसके गले पर कट के निशान बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को काफी देर तक होटल के कमरे का दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा खोला तो युवती मृत अवस्था में मिली, जबकि युवक गंभीर हालत में पड़ा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कमरे से चीखने-चिल्लाने की आवाजें भी आ रही थीं।

पुलिस के मुताबिक, मामला आत्महत्या या संदिग्ध मौत से जुड़ा हो सकता है। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
मृतका की पहचान रिमन मंडावी, निवासी मोहला-मानपुर, के रूप में हुई है। वहीं युवक की पहचान किशन कुमार भारद्वाज, निवासी वाराणसी, के रूप में बताई गई है। दोनों ने होटल में अपनी पहचान संबंधी दस्तावेज देकर चेक-इन किया था।
फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसके ठीक होने के बाद पूछताछ से पूरे मामले की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।
होटल के कमरे में आखिर ऐसा क्या हुआ? युवती की मौत और युवक के गंभीर मिलने की पूरी कहानी अब पुलिस की जांच के बाद ही सामने आएगी।