
मामला जामुल थाना क्षेत्र का है, जहां 10 अक्टूबर को तीन बच्चियों के घर से चले जाने की सूचना पुलिस को मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए जामुल पुलिस और एससीयू की टीम ने तत्काल तलाश शुरू की।

बच्चियों की खोज के लिए पुलिस ने पांच अलग-अलग टीमें गठित कीं। आसपास के इलाकों में जांच की गई, स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई और विभिन्न मार्गों पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। इसके अलावा रेलवे स्टेशन और अन्य संभावित स्थानों पर भी जांच की गई।

पुलिस के लगातार प्रयासों और टीमों के आपसी समन्वय से तीनों बच्चियों को 12 घंटे से भी कम समय में सकुशल दस्तयाब कर लिया गया। इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर बच्चियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में जामुल थाना की महिला रक्षा टीम और एससीयू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग ने पुलिस टीमों के प्रयासों की सराहना की।
दुर्ग पुलिस ने अपील की है कि बच्चों के लापता होने की स्थिति में बिना देरी किए नजदीकी थाने या आपातकालीन सहायता नंबर 112 पर सूचना दें।