5 लाख दो… वरना बर्बाद कर दूंगा! अस्पताल को ब्लैकमेल करने वाला फरार”

Share Now

भिलाई से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां ब्लैकमेलिंग और धमकी देने के आरोप में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी की तलाश पुलिस लगातार कर रही है और मुखबिरों के जरिए अलग-अलग जगहों पर जानकारी जुटाई जा रही है।

मामला शहर के प्रतिष्ठित S.B.S. Hospital से जुड़ा हुआ है। अस्पताल प्रबंधन के मैनेजर निर्मल सिंह ने थाना छावनी में दोबारा आवेदन देकर कार्रवाई तेज करने की मांग की है। शिकायत के मुताबिक गुरुमीत सिंह वाधवा नामक व्यक्ति लगातार 5 लाख रुपये की अवैध मांग कर रहा था और पैसे नहीं देने पर झूठे केस में फंसाने, आरटीआई लगाने और बदनाम करने की धमकी दे रहा था।

जानकारी के अनुसार आरोपी अस्पताल में इलाज के लिए आता था, जहां उसे कई सेवाएं चैरिटेबल ट्रस्ट के तहत निशुल्क दी गई थीं। लेकिन जब दवाइयों का बिल प्रस्तुत किया गया, तब उसने उल्टा अस्पताल प्रबंधन को ही ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।

पीड़ित का कहना है कि आरोपी अस्पताल के चैंबर में पहुंचकर खुलेआम पैसे मांग रहा था और गाली-गलौज भी की। इस दौरान वहां मौजूद स्टाफ और अन्य लोगों ने भी पूरी घटना देखी। मामले का सीसीटीवी फुटेज भी साक्ष्य के तौर पर सुरक्षित बताया जा रहा है।

पुलिस ने प्रथम दृष्टया जांच के बाद आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी तलाश जारी है। अब पीड़ित ने जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई है।


Share Now