
राजधानी रायपुर से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ ऑनलाइन सट्टा गिरोह पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के कथित सरगना बाबू खेमानी को मुंबई से गिरफ्तार किए जाने की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि बाबू खेमानी चर्चित 3 STUMPS ऑनलाइन बुक का मालिक है और लंबे समय से इस नेटवर्क को संचालित कर रहा था।

जानकारी के अनुसार, मुंबई और उड़ीसा के किराए के मकानों से आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा था। इससे पहले क्राइम ब्रांच ने मुंबई और भुवनेश्वर में छापेमारी कर इस बड़े नेटवर्क का खुलासा किया था, जिसमें 20 सटोरियों को गिरफ्तार किया गया था।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने बाबू खेमानी के नाम का खुलासा किया, जिसके बाद पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। अब मुंबई से गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद पूरे मामले में बड़ा खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।

हालांकि, फिलहाल गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि बाकी है, लेकिन माना जा रहा है कि पुलिस जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का पर्दाफाश कर सकती है।
अब देखना होगा कि इस सट्टा सिंडिकेट में और कौन-कौन से बड़े नाम सामने आते हैं।