
दुर्ग जिले से एक बेहद दुखद और दिल को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। नंदिनी थाना क्षेत्र के पथरिया खदान में 13 वर्षीय एक मासूम बालक की डूबने से मौत हो गई। शुक्रवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने करीब 50 फीट गहरे पानी से उसका शव बरामद किया।
मृतक की पहचान पथरिया निवासी आयुष मार्कंडेय के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, आयुष गुरुवार शाम करीब साढ़े चार बजे घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ को सूचना दी गई।

शुक्रवार सुबह शुरू किए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान खदान के गहरे पानी में आयुष का शव मिला। सबसे मार्मिक बात यह रही कि जब शव बरामद किया गया, तब उसके हाथ में एक कोल्ड ड्रिंक की बोतल थी। इसी आधार पर आशंका जताई जा रही है कि शायद बोतल उठाने या उसे निकालने के प्रयास में वह गहरे पानी में चला गया और हादसे का शिकार हो गया।

इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
एक छोटी सी लापरवाही किस तरह जिंदगी छीन सकती है, यह घटना उसकी दर्दनाक याद दिलाती है। खदानों और गहरे जलाशयों के आसपास बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
फिलहाल इस मामले में आपकी क्या राय है? कमेंट कर हमें जरूर बताएं।