दुर्ग जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र में हुए महिला हत्याकांड का पुलिस ने चंद घंटों में खुलासा कर दिया है। वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई को मजदूरी के लिए घर से निकली भगवंतीन साहू देर रात तक वापस नहीं लौटीं। अगले दिन पुलगांव नाला फ्लाईओवर के पास झाड़ियों में उनका शव मिला। पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलगांव थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटनास्थल का निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और गवाहों के बयान के आधार पर पुलिस ने हर्ष यादव और नितेश ठाकुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में दोनों आरोपी पुलिस को गुमराह करते रहे, लेकिन साक्ष्यों के सामने उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी शराब के नशे में महिला को पैसों का लालच देकर सुनसान जगह ले गए। वहां कथित तौर पर महिला के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने का प्रयास किया गया। महिला के विरोध करने और पुलिस में शिकायत की चेतावनी देने पर आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बोल्डर पत्थर, घटना के समय पहने गए कपड़े और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद कर लिए हैं। दोनों आरोपियों को भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।