रायगढ़ में पत्नी की हत्या, शव जलाकर आंगन में दफनाया

Share Now

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या कर उसके शव को जलाने के बाद घर के आंगन में दफना दिया। इतना ही नहीं, आरोपी ने पुलिस और परिवारवालों को गुमराह करने के लिए पत्नी के घर से चले जाने की झूठी कहानी भी बताई।

Screenshot

जानकारी के मुताबिक, विवाद उस वक्त शुरू हुआ जब पत्नी ने पति के लिए भाजी की सब्जी नहीं बनाई। आरोप है कि इसी बात से नाराज पति ने पत्नी का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने के लिए शव को जलाया और फिर बचे हुए अवशेषों को घर के आंगन में गड्ढा खोदकर पत्थरों के नीचे दबा दिया।

इसके बाद आरोपी ने परिवारवालों से कहा कि उसकी पत्नी बिना बताए घर से चली गई है। जब काफी समय तक महिला का कोई पता नहीं चला तो परिवारवालों को शक हुआ और थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई।

जांच के दौरान पुलिस का शक महिला के पति पर गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में कथित तौर पर पूरे मामले का खुलासा हुआ और आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल से संबंधित साक्ष्य बरामद किए।

पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर भी लेकर गई और पूरे मामले की जांच की। करीब तीन महीने बाद इस वारदात का खुलासा हुआ है।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यह पूरा मामला रायगढ़ के कापू थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

भाजी नहीं बनाने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक महिला की जान चली गई। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है।


Share Now