पूर्व CM भूपेश बघेल के स्वागत में पहुंचे युवाओं का खतरनाक स्टंट, सड़कों पर 15 गाड़ियों का काफिला, चलती कारों से लटककर की नारेबाजी, वीडियो वायरल…

Share Now

BY : Pranjal Yadav

Advertisement

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के स्वागत के दौरान युवाओं द्वारा की गई स्टंटबाजी का मामला सामने आया है। 23 जनवरी की शाम भूपेश बघेल श्रीमद्भागवत कथा कार्यक्रम में शामिल होने शहर पहुंचे थे। इस दौरान उनके स्वागत में करीब 15 गाड़ियों का काफिला गांधी चौक तक पहुंचा।

स्वागत कार्यक्रम के बाद कुछ युवक शहर की सड़कों पर गाड़ियों में लटककर स्टंट करते हुए लौटे। तेज शोर-शराबे के बीच युवाओं ने मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर रील भी बनाई। स्थानीय लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया और सरगुजा पुलिस को टैग किया।

Advertisement

वीडियो वायरल होते ही पुलिस की कार्रवाई


वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया। वाहन नंबरों के आधार पर अब तक 8 चारपहिया वाहनों को जब्त किया गया है। इनमें इनोवा, स्कॉर्पियो और अर्टिगा जैसी गाड़ियां शामिल हैं। अन्य वाहनों की तलाश अभी जारी है।

बताया जा रहा है कि करीब 80 से अधिक युवक इस काफिले में शामिल थे और लगभग एक दर्जन गाड़ियों में सवार युवकों ने खतरनाक तरीके से स्टंट किए।

चालकों पर दर्ज हुआ मामला

सरगुजा आईजी दीपक कुमार झा के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वाहन चालकों के खिलाफ BNS की धारा 125, 281, 285, 3(5) और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत FIR दर्ज की है। साथ ही सभी चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। हालांकि पुलिस ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि किन-किन युवाओं पर कार्रवाई हुई है।

Advertisement

भागवत कथा में शामिल हुए थे कई नेता


सरगांव नरेश विंदेश्वर शरण सिंहदेव (विंक्की बाबा) द्वारा सरगांव द पैलेस रिसॉर्ट में श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का आयोजन किया गया था। इसी कार्यक्रम में शामिल होने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पहुंचे थे। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री अमरजीत भगत और खाद्य आयोग के पूर्व अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह बाबरा भी मौजूद रहे।

पुलिस की सख्त चेतावनी

Advertisement


सरगुजा SSP राजेश अग्रवाल ने कहा कि सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि पहले भी स्कूल संचालकों को चेतावनी दी जा चुकी है कि फेयरवेल या अन्य आयोजनों में स्टंट करने पर छात्रों और वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई होगी।

पिछले साल भी फेयरवेल पार्टियों के दौरान ऐसे कई मामले सामने आए थे, जिनमें छात्र वाहनों से लटककर स्टंट करते नजर आए थे।

Advertisement

Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *