
बीजापुर जिले से एक अहम खबर सामने आई है। नेशनल हाईवे-63 पर बंजारी घाटी में हुए सड़क हादसे के बाद आत्महत्या करने वाले ट्रक ड्राइवर के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले की जांच के बाद पुलिस ने एक कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, ट्रक ड्राइवर ताम्रध्वज साहू उर्फ सोनू ने सड़क हादसे के कुछ समय बाद आत्महत्या कर ली थी। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोप लगाया था कि एक मर्सिडीज कार के मालिक ने ड्राइवर पर भारी रकम की मांग की और पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। इसी मानसिक दबाव के कारण ट्रक चालक ने यह कदम उठाया।

पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए। साथ ही, आत्महत्या से पहले ट्रक चालक द्वारा बनाए गए वीडियो, सोशल मीडिया पर सामने आए डिजिटल साक्ष्य और अन्य गवाहों के आधार पर विस्तृत जांच की गई।
जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ प्रताड़ना और धमकी देने सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। यह पूरा मामला गीदम थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना से जुड़े अन्य पहलू क्या हैं।
इस मामले पर आपकी क्या राय है? हमें कमेंट करके जरूर बताइए। ऐसी ही ताज़ा और भरोसेमंद खबरों के लिए छत्तीसगढ़ टाइम को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करना न भूलें।