दुर्ग में बुलडोजर एक्शन पर बवाल! व्यापारियों का फूटा गुस्सा

Share Now

दुर्ग शहर के सुपेला क्षेत्र के रावण भाटा में मंगलवार को नगर निगम की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई उस समय विवादों में घिर गई, जब स्थानीय व्यापारियों और रहवासियों ने निगम पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। विरोध इतना बढ़ गया कि कुछ समय के लिए निगम की कार्रवाई रोकनी पड़ी और मौके पर तनावपूर्ण माहौल बन गया

नगर निगम की टीम जेसीबी और अमले के साथ अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। इसी दौरान स्थानीय दुकानदारों ने आरोप लगाया कि निगम ने केवल चुनिंदा दुकानों पर ही बुलडोजर चलाया, जबकि प्रभावशाली लोगों और राजनीतिक संरक्षण प्राप्त लोगों की दुकानों को जानबूझकर छोड़ दिया गया। व्यापारियों का कहना है कि यदि कार्रवाई करनी है तो सभी पर एक समान होनी चाहिए।

आरोपों से नाराज व्यापारियों और स्थानीय रहवासियों ने मौके पर ही निगम अधिकारियों का घेराव कर दिया और जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान “नगर निगम मुर्दाबाद” के नारे भी लगाए गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए, जिससे सड़क पर जाम की स्थिति बन गई और यातायात भी प्रभावित हुआ।

विरोध बढ़ने के कारण नगर निगम को कुछ समय के लिए अपनी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई रोकनी पड़ी। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि सड़क किनारे बनी सभी दुकानों की जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई की जाए। उनका आरोप है कि राजनीतिक दबाव के चलते कुछ लोगों को बचाया जा रहा है, जबकि छोटे व्यापारियों को निशाना बनाया जा रहा है।

दूसरी ओर नगर निगम का कहना है कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार चलाया जा रहा है और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। हालांकि स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रशासन पारदर्शिता के साथ कार्रवाई करे ताकि किसी भी व्यापारी के साथ भेदभाव की स्थिति न बने।

फिलहाल रावण भाटा क्षेत्र में हालात सामान्य हैं, लेकिन व्यापारियों का कहना है कि यदि भविष्य में भी पक्षपातपूर्ण कार्रवाई जारी रही तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। अब देखना होगा कि नगर निगम इन आरोपों पर क्या जवाब देता है और आगे की कार्रवाई किस तरह की जाती है।


Share Now