
रायपुर में चौहान ग्रुप फाउंडेशन ने सेवा, उद्योग और पर्यावरण संरक्षण को साथ जोड़ते हुए एक नई पहल की है। टाटीबंध स्थित चौहान ग्रुप रिसॉर्ट्स में अशोक लेलैंड हेवी कमर्शियल व्हीकल्स सर्विस सेंटर का विधिवत उद्घाटन किया गया। इसी अवसर पर पंचवटी वृक्षारोपण अभियान की भी शुरुआत हुई।

इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक एवं पूर्व सरकार्यवाह सुरेश भैयाजी जोशी, छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय सहित समाज, उद्योग, शिक्षा, चिकित्सा और प्रशासन से जुड़े कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत छत्तीसगढ़ वंदना, दीप प्रज्ज्वलन और नारियल फोड़कर की गई। इसके बाद सर्विस सेंटर का लोकार्पण हुआ और पर्यावरण संरक्षण तथा सतत विकास के संकल्प के साथ पंचवटी वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया।

इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि उद्योग, सेवा और पर्यावरण संरक्षण का समन्वय ही विकसित भारत की मजबूत नींव है। साथ ही समाज की भागीदारी से ऐसे प्रयास आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक साबित होंगे।
चौहान ग्रुप फाउंडेशन ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, स्वरोजगार, कौशल विकास और जनसेवा के क्षेत्रों में लगातार कार्य करने का संकल्प भी दोहराया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया और सामूहिक वृक्षारोपण के साथ आयोजन का समापन हुआ।