
विश्व श्रमिक दिवस के अवसर पर सर्वधर्म सेवा संस्था, भिलाई द्वारा एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें शहर के सफाई कर्मियों का सम्मान कर उनके अमूल्य योगदान को नमन किया गया। साथ ही, हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रमिक सम्मान एवं स्वच्छता जागरूकता पखवाड़े की शुरुआत की गई, जो निर्धारित अवधि तक विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से संचालित किया जाएगा।

इस वर्ष कार्यक्रम में विशेष रूप से सेक्टर-9 हॉस्पिटल के सफाई कामगारों को भी शामिल किया गया, जिससे आयोजन का दायरा और भी व्यापक एवं सार्थक बन गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्रीमती उषा बारले ( पद्मश्री), विशेष अतिथि में श्रीमती प्रज्ञा मेश्राम ( अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक), श्री नरेन्द्र बन्छोर ( OA अध्यक्ष) , श्री इंद्रजीत सिंह ( सर्व समाज कल्याण समिति – अध्यक्ष) , श्री वीरेंद्र सतपथी ( संस्था के संरक्षक), श्रीमती शहाना कुरैशी ( महिला कौनसलर) आदि थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत भाषण के साथ हुआ।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती मंजू चौरसिया द्वारा किया गया।
संस्था के संस्थापक श्री प्रतीक भोई द्वारा स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया गया।

इसके पश्चात संस्था के प्रतिनिधियों एवं अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए सफाई कर्मियों के कार्यों की सराहना की और उन्हें समाज का वास्तविक नायक बताया। संस्था की ओर से यह भी कहा गया कि सफाई कर्मी केवल शहर को स्वच्छ नहीं रखते, बल्कि नागरिकों को स्वस्थ और सुरक्षित जीवन प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर सफाई कर्मियों को सम्मान स्वरूप गमछा, पानी की बॉटल एवं मिठाई प्रदान की गई। उपस्थित सभी लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ इन कर्मवीरों के प्रति अपना सम्मान प्रकट किया।
संस्था द्वारा यह भी जानकारी दी गई कि पखवाड़े के अंतर्गत शहर के विभिन्न वार्डों में जाकर सफाई कामगारों का आभार व्यक्त किया जाएगा तथा उन्हें सम्मान स्वरूप गिफ्ट एवं मिठाई प्रदान की जाएगी, जिससे उनके प्रति सम्मान और प्रोत्साहन की भावना को और सशक्त किया जा सके।
कार्यक्रम में संस्था के महासचिव श्री राकेश रत्नाकर द्वारा संस्था का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया तथा यही प्रेस विज्ञप्ति भी उनके द्वारा जारी की गई।