
भिलाई के सुपेला थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया।
चंद्रा मौर्यो चौक पर तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार युवकों को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। हादसा इतना भयानक था कि मौके पर मौजूद लोग भी दहशत में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार काफी तेज गति में थी। जैसे ही स्कूटी चौक के पास पहुंची, तेज रफ्तार कार ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कूटी कई फीट दूर जा गिरी और उस पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के दौरान कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह टूट गया, जबकि चालक को भी चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि दोनों युवकों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। वहीं पुलिस को भी घटना की सूचना दे दी गई, जिसके बाद सुपेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि हादसे की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
लगातार बढ़ती तेज रफ्तार और लापरवाही भरी ड्राइविंग अब लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। शहर में आए दिन सड़क हादसे सामने आ रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद लोग यातायात नियमों का पालन करने में लापरवाही बरत रहे हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।