छत्तीसगढ़ के सरगुजा और सूरजपुर जिले की सीमा से लगे जंगल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां जंगल में एक युवक और युवती के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।

Share Now

बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह कुछ लोग जंगल में महुआ बीनने के लिए गए थे। इसी दौरान उनकी नजर पेड़ पर लटके एक शव पर पड़ी। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। घटनास्थल से एक बाइक और युवक का आधार कार्ड भी मिला है।

पुलिस के मुताबिक, मृत युवक की पहचान खड़गवां चौकी क्षेत्र के रहने वाले 21 वर्षीय मूलचंद के रूप में हुई है। वहीं युवती की पहचान रिंकी सिंह के रूप में बताई जा रही है, जो रामानुजनगर थाना क्षेत्र के तेलसरा की रहने वाली थी।

प्रारंभिक जानकारी में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आ रही है। हालांकि दोनों ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।

सबसे अहम बात यह है कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट मिलने की जानकारी नहीं है। ऐसे में पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

आखिर दोनों जंगल तक कैसे पहुंचे? उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई? और क्या यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई और वजह है? इन सभी सवालों के जवाब पुलिस की जांच के बाद ही सामने आएंगे।


Share Now