
महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप से जुड़ा एक बड़ा अपडेट सामने आया है। इस नेटवर्क के कथित संचालक सौरभ चंद्राकर को ओमान में गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि उस पर फर्जी इंडोनेशियाई पासपोर्ट का इस्तेमाल कर ओमान में प्रवेश करने का आरोप है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर पिछले कुछ समय से संयुक्त अरब अमीरात यानी यूएई में रह रहा था। भारतीय जांच एजेंसियों की ओर से जारी इंटरपोल के रेड नोटिस के आधार पर रॉयल ओमान पुलिस ने उसे हिरासत में लिया है।

गिरफ्तारी के बाद अब भारत सरकार उसे देश वापस लाने की प्रक्रिया में जुट गई है। बताया जा रहा है कि प्रत्यर्पण के लिए ओमान सरकार के साथ औपचारिक कानूनी प्रक्रिया शुरू की जा रही है। फिलहाल सौरभ चंद्राकर को मस्कट के हाई-सिक्योरिटी अल खौद डिटेंशन सेंटर में रखा गया है।
गौरतलब है कि महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप का मामला देश के सबसे चर्चित ऑनलाइन सट्टेबाजी और मनी लॉन्ड्रिंग मामलों में से एक माना जाता है। इस मामले में पहले भी प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी सहित कई जांच एजेंसियां लगातार कार्रवाई करती रही हैं।

अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या सौरभ चंद्राकर का जल्द भारत प्रत्यर्पण हो पाएगा और जांच एजेंसियां उससे पूछताछ कर इस पूरे नेटवर्क से जुड़े नए खुलासे कर पाएंगी।
फिलहाल इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। जैसे ही कोई नया अपडेट सामने आएगा, हम आपको सबसे पहले जानकारी देंगे।