
छत्तीसगढ़ में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और कई जिलों में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है।
राजधानी रायपुर में रविवार रात महज़ आधे घंटे के भीतर करीब 30 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। तेज़ बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। टाटीबंध समेत कई क्षेत्रों में घरों तक में घुटनों-घुटनों पानी भर गया, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

वहीं, दुर्ग, जगदलपुर और राजनांदगांव में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, पूरे प्रदेश में मानसून सक्रिय है और अगले दो दिनों तक मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
बारिश का असर ग्रामीण इलाकों में भी देखने को मिला। सूरजपुर के खड़गवां-गुडरंडांड गांव में पुल टूट जाने के कारण परिजनों को बच्चों को पीठ पर बैठाकर उफनती नदी पार कर स्कूल पहुंचाना पड़ा।

इधर, सक्ती जिले के सोंठी गांव में सड़क नहीं होने की वजह से एक शवयात्रा को कीचड़ भरे रास्ते से होकर करीब एक किलोमीटर पैदल श्मशान तक जाना पड़ा।
ऐसे में प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें।